मुंबई। बॉलीवुड में अपने संजीदा अभिनय के लिए मशहूर मनोज वाजपेयी का कहना है कि उन्होंने फिल्म “तेवर” में अर्जुन कपूर की वजह से काम किया है। बोनी कपूर और सजय कपूर निर्मित फिल्म “तेवर” में मनोज ने अर्जुन के साथ काम किया है। फिल्म में मनोज ने मथुरा के बाहुबली जबकि अर्जुन ने कबड्डी खिलाड़ी की भूमिका निभायी है। बताया जाता है कि मनोज फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा के एक तरफा प्रेमी का किरदार निभा रहे हैं जो लड़की के इश्क में सब भुला बैठा है। मनोज का कहना है कि उनके “तेवर” में काम करने का कारण अर्जुन कपूर है। मनोज ने कहा कि मैं उसके साथ काम करना चाहता था क्योंकि मैं उसके काम को पसंद करने लगा हूं।

मनोज ने कहा कि वह अर्जुन को पहली फिल्म से निखराता हुआ देख रहे हैं। बोनी कपूर के साथ मैंने “बेवफा” के दौरान काम किया है और संजय कपूर पिछले 14 साल से मेरे दोस्त हैं। संजय की बतौर निर्माता ये पहली फिल्म है और उसे मना करने का सवाल ही नहीं उठता। उल्लेखनीय है कि अमित शर्मा के निर्देशन में बनी फिल्म “तेवर” वर्ष 2003 में प्रदर्शित सुपरहिट तेलगू फिल्म “ओकाडू” की रिमेक है।