हरदा। जिले के टिमरनी में व्यापारी लवकुश सिंहल की मां की आज सुबह अज्ञात बदमाशों ने निशंस हत्या कर दी। घटना का उस समय पता चला जब काम करने वाले महिला उनके यहां पहुंची। इसके बाद नगर में आक्रोश व्याप्त हो गया है और नगर बंद करा दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक टिमरनी के व्यापारी लवकुश अग्रवाल आज सुबह करीब साढ़े नौ बजे दुकान पर चले गए थे और उनकी बुजुर्ग मां उर्मिला घर में अकेली थीं। इसके बाद घर में करीब दस बजे उनके यहां काम करने वाली महिला आई तो उर्मिला को लहूलुहान हालत में देखा। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। उसने आसपास और लवकुश को सूचना दी।

उर्मिला की बदमाशों ने निशंस हत्या की। उन्होंने घर में पड़े अनाज निकालने के औजार से बुजुर्ग महिला की आंखें निकाली लीं और पास ही पड़े तौल वाले बांटों से सिर कुचल दिया। इससे उर्मिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घर का सामान अस्त व्यस्त मिलने से पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से घर में प्रवेश किया था और उर्मिला के विरोध करने पर उन्हें मार डाला।

नगर बंद

घटना के बाद टिमरनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें ही नहीं खोली। सिंहल के घर और पुलिस थाने पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या कर रहे हैं। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।