झारखण्ड

झारखंड में 20 दिसंबर को आखिरी चरण का मतदान, पीएम मोदी की आज जनसभा

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी – फोटो : ANI
झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवे और आखिरी चरण के लिए 20 दिसंबर को मतदान किए जाएंगे। इसको देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को बरहेट में सभा करेंगे। इस चुनाव में प्रचार के लिए राज्य में यह उनका छठा दौरा है। इससे पहले उन्होंने दुमका में भी सभा की थी। पांचवे चरण के चुनाव में झारखंड विधानसभा की 16 सीटों पर मतदान किए जाएंगे।

बरहेट से भाजपा ने सिमोन मालतो को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि झामुमो ने गठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन को चुनावी मैदान में उतारा है। इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। बरहेट में मोदी के साथ बोरियो, लिट्टीपाड़ा, राजमहल, पाकुड़, महगामा और गोड्डा के उम्मीदवार भी मंच पर मौजूद रहेंगे।

2014 में हुए विधानसभा चुनावों में इन 16 सीटों में से छह सीटों पर झामुमो, पांच पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस और दो पर जेवीएम ने जीत हासिल की थी। वहीं, साल 2009 में हुए इन विधानसभा सीटों के चुनाव में नौ सीटों पर झामुमो, दो पर भाजपा, दो पर जेवीएम और एक-एक सीट कांग्रेस, राजद और निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी।

20 दिसंबर को इन 16 सीटों पर मतदान होगा
राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, सारठ, पोड़ैयाहाट, गोड्डा और महगामा।