Jharkhand Assembly Election 2019 second Phase Voting In 20 Constituencies Live Updates

झारखंड विधानसभा के दूसरे चरण में अपराह्न तीन बजे तक 59.27 फीसदी मतदान हुआ है।
03:29 PM, 07-DEC-2019

जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम सीटों पर मतदान जारी है, बाकी सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। इन दो सीटों पर शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

02:32 PM, 07-DEC-2019

एक बजे तक 45 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है। दोपहर तीन बजे तक अधिकतर सीटों पर मतदान खत्म हो जाएगा। हालांकि जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम सीटों पर शाम पांच बजे तक मतदान हो सकेगा।

01:58 PM, 07-DEC-2019

झारखंड विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में शनिवार को जारी मतदान के दौरान सिसई में कुछ असामाजिक तत्वों ने सुरक्षा बलों के हथियार छीनने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। सिसई विधानसभा क्षेत्र के छारदा पंचायत क्षेत्र में बभनी गांव स्थित मतदान केंद्र संख्या 36 पर सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने क्रोधित होकर पथराव शुरू कर दिया और इस मतदान केंद्र पर मतदान रोक देना पड़ा।

01:50 PM, 07-DEC-2019

चुनाव ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी की मौत

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए जारी मतदान में ड्यूटी पर तैनात एक सहायक पुलिस उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र गिरी की शनिवार को हृदय गति रुकने से मौत हो गयी। वह 44 वर्ष के थे। उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के रहने वाले सहायक पुलिस उपनिरीक्षक हरिश्चंद्र गिरि की पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला उपमंडल में बहरागोड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में बरसोले में मतदान केंद्र 234 पर तैनाती के दौरान हृदय गति रुकने से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गिरि को निकट के स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

01:03 PM, 07-DEC-2019

झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 सीटों पर शनिवार सुबह 11 बजे तक 28.51 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं हिंसा की एक घटना छोड़कर मतदान सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चैबे ने बताया कि आज सुबह 11 बजे तक कुल 28.51 प्रतिशत मतदान हुआ है। सिसई को छोड़कर अन्य सभी विधानसभा क्षेत्रों में पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है।

सबसे अधिक मतदान नक्सल प्रभावित मझगांवा में 36.73 प्रतिशत हुआ। सुबह 11 बजे तक बहरागोड़ा में 28.5 प्रतिशत, घाटशिला में 26.8 प्रतिशत, पोटका में 27.0 प्रतिशत, जुगसलाई में 27.20 प्रतिशत, जमशेदपुर पूर्वी में 21.01 प्रतिशत, जमशेदपुर पश्चिमी में 20.30 प्रतिशत, सराइकेला में 29.12 प्रतिशत, चाईबासा में 32.56 प्रतिशत, मझगांवा में 36.73 प्रतिशत, जगन्नाथपुर में 30.02 प्रतिशत, मनोहरपुर में 30.79 प्रतिशत, चक्रधरपुर में 31.50 प्रतिशत, खरसांवां में 31.64 प्रतिशत, तमाड़ में 29.35 प्रतिशत, तोरपा में 30.21 प्रतिशत, खूंटी में 28.85 प्रतिशत, मांडर में 31.15 प्रतिशत, सिसई में 32.25 प्रतिशत, सिमडेगा में 26.92 प्रतिशत, कोलेबीरा में 28.50 प्रतिशत मतदान हुआ।

02:12 AM, 07-DEC-2019
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर मतदाताओं से अनुरोध किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में आकर मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मदद करें। उन्होंने ट्वीट किया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आज दूसरे दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं।

झारखंड विधानसभा चुनाव में आज दूसरे दौर का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव को सफल बनाएं।

चुनाव आयोग के अनुसार, जमशेदपुर पूर्व और जमशेदपुर पश्चिम सीटों पर सुबह 7 से शाम 5 बजे तक जबकि अन्य सीटों पर सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। 20 सीटों में से 16 अनुसूचित जनजाति और एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।

पुलिस के अनुसार, सात जिलों में फैली इन सीटों के लिए केंद्रीय बलों समेत 42000 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। 48,25,038 मतदाता 260 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में कैद करेंगे।

इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में राज्य के मुख्यमंत्री रघुबर दास, भाजपा से बगावत कर निर्दलीय खड़े सरयू राय, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश ओरांव, सरकार में मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, एजेएसयू नेता रामचंद्र साही, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप कुमार बालमाचू, जदयू अध्यक्ष सलखान मुर्मू, जेवीएम-पी बंधु टिर्की शामिल हैं। राज्य में पांच चरणों में चुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव परिणाम 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।