priyanka gandhi

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने आज पार्टी प्रत्याशी डॉली शर्मा के समर्थन में रोड शो शुरू कर दिया है। उन्होंने इसकी शुरुआत घंटाघर से की। उनके रोडशो में जनसैलाब उमड़ा है। उनके कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह की प्रतिमा को माल्यार्पण से हुआ। इसके बाद वह रमते राम रोड की ओर निकलीं। कड़ी धूप के बाद भी प्रियंका के रोड शो में भारी भीड़ जुटी रही।

प्रियंका ने अपना रोड शो खत्म कर जनता को संबोधित किया इस दौरान उन्होंने कई बातें कहीं लेकिन उनका खास जोर इस पर रहा कि लोग अपने वोट की ताकत पहचानें और सही पार्टी को वोट दें। ऐसी पार्टी को वोट दें जो लोगों को आगे ले जाए न कि लोगों को दुर्बल बनाए।

प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए  कहा कि आप यह लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। लोकतंत्र का मतलब है जनता के हाथ में सत्ता हो, न कि आवाज उठाने वालों को दबाया या पीटा जाए।

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री पर हमला करते हुए कहा, उन्हें घूमने का बहुत शौक है। पाकिस्तान गए तो बिरयानी खा आए जापान गए तो गले मिल लिए। अमेरिका गए तो वहां भी गले मिल लिए लेकिन अपने लोकसभा में पांच साल के अंदर पांच मिनट के लिए किसी गरीब के घर नहीं गए।

इससे पहले रमते राम रोड से डासना गेट, जटवाड़ा होते हुए मालीवाड़ा चौक पर उनका रोड शो समाप्त हुआ। पुलिस और एसपीजी ने सुरक्षा कारणों से रोड शो का रूट छोटा कर दिया है। इससे पहले उनके लिए दूसरा रूट चुना गया था।

बताया जा रहा है कि यह प्रियंका गांधी के चुनाव अभियान की यह पहली बड़ी रैली है। रोड शो के दौरान प्रियंका ओपन रूफ कार में डॉली शर्मा के साथ सवार हैं। वह बीच-बीच में भीड़ के साथ सेल्फी भी लेती नजर आ रही हैं।

हालांकि उनके आस-पास भीड़ नजर नहीं आ रही है, जिसके पीछे सुरक्षा कारण बताए जा रहे हैं। लेकिन लोग जरूर उनसे हाथ मिलाने के लिए आगे आने की कोशिश कर रहे हैं।