काबुल। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में नाटो के सैन्य अड्डे के पास एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में पांच की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

नाटो ने रविवार को बयान जारी कर बताया कि हेलिकॉप्टर काबुल के कैंप रेसोल्यूट सपोर्ट में 11 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे दुर्घटना का शिकार हुआ। गठबंधन ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। मृतकों व घायलों की राष्ट्रीयता के बारे में नहीं बताया गया है।

इससे पहले अमेरिका के आर्मी कर्नल ब्रायन ट्राइबस ने कहा था कि रेसोल्यूट सपोर्ट अड्डे के परिसर में एक घटना हुई है, जिसमें नाटो विमान व एक पर्यवेक्षणीय गुब्बारा शामिल है।

कर्नल ट्राइबस ने अपने बयान में कहा था कि गुब्बारे को बांधने की जगह से काट दिया गया था। उन्होंने घटना की अधिक जानकारी होने से इन्कार कर दिया था।

दूसरी तरफ, अफगानिस्तान के एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि ऐसा लगता है कि सैन्य हेलिकॉप्टर उतरते समय गुब्बारे से टकरा गया।