भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पेटलावद विस्फोट के प्रमुख आरोपी राजेंद्र कांसवा पर गिरफ्तारी के लिए घोषित एक लाख रुपए की पुरस्कार राशि को बढ़ाकर 5 लाख रुपए करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को पेटलावद हादसे के बाद की जा रही कार्रवाई की समीक्षा व आरोपी की तलाश के संबंध में आयोजित एक बैठक चौहान ने निर्देश दिए कि कांसवा को पकड़ने के लिए अभियान को और तेज किया जाए।

डीजीपी सुरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि हादसे में मृत वे लोग जिनकी अभी तक जिनकी शिनाख्त नहीं हुई है, ऐसे चार शवों से राजेन्द्र कांसवा के डीएनए का मिलान नहीं हुआ है। कांसवा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बल ने नेपाल सहित सत्रह स्थान पर तलाशी अभियान चलाया है। अभी भी चार सर्च पार्टी अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। बैठक में मुख्य सचिव अंटोनी डिसा भी मौजूद थे।