कमलनाथ को चुनौती देंगे आप के महेश दुबे
लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा से केंद्रीय मंत्री कमलनाथ को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार महेश दुबे चुनौती देंगे। वहीं कांग्रेस की कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी की भतीजी हेमलता धार संसदीय क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारी गई हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया को रतलाम सीट पर टक्कर देने के लिए आम आदमी पार्टी ने हेनरी माचर को टिकट दिया है।
आम आदमी पार्टी [आप] ने बुधवार को प्रदेश की सात संसदीय सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। प्रदेश प्रवक्ता अक्षय हुंका के अनुसार सभी नामों पर पार्टी के सोशल मीडिया एकाउंट पर आम राय मांगी जाएगी। अगले पांच दिनों तक जनता अपनी राय इस फोरम पर दे सकती है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मप्र की सभी 29 संसदीय सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा की थी। पार्टी अब तक 21 सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी है। प्रदेश इकाई के अनुसार जल्द ही शेष सीटों पर भी नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
पूर्व भाजपा नेता भी मैदान में
पार्टी ने बालाघाट संसदीय सीट से सेना के पूर्व अफसर यूके चौधरी को मैदान में उतारा है। चौधरी इससे पहले भाजपा के सैनिक प्रकोष्ठ में पदाधिकारी थे लेकिन मतभेद गहराने के बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। इसी प्रकार कांग्रेस के बैनर तले प्रचार कर चुकीं पूर्व नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी की भतीजी हेमलता को भी धार से चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। बाकी सीटों में भिंड से कृष्णा महोबिया, देवास से सुजीत संगते और राजगढ़ से प्रशांत त्रिपाठी का नाम शामिल है।




