एडिलेड। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट मे जोरदार बल्लेबाजी के बूते टीम इंडिया पहली पारी में बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। ऑस्ट्रेलिया के सात विकेट पर 517 रनों के जवाब में टीम इंडिया के चार बल्लेबाज अर्धशतक लगा चुके हैं। भारत की ओर से चेतेश्वर पुजारा (73) विराट कोहली (53), अजिंक्या रहाणे (55) और सलामी बल्लेबाज मुरली विजय(53) ने शानदार बल्लेबाजी की। इसके चलते भारत ने तीन विकेट पर 276 रन बना लिए हैं। तीसरे दिन के खेल का तीसरा सत्र चल रहा है और कप्तान विराट कोहली 64 और अजिंक्या रहाणे 55 रन बनाकर खेल रहे हैं। इससे पहले मेजबान टीम ने कल के स्कोर 7 विकेट पर 517 रन पर पारी घोषित कर दी। इसके जवाब में मुरली विजय और शिखर धवन ने तेजतर्रार शुरूआत की और दोनों ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। धवन 24 गेंद में पांच चौकों की मदद से 25 रन बनाकर रैयान हैरिस की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा ने दूसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। इसी बीच मुरली विजय ने संयम भरी पारी खेलते हुए अर्धशतक पूरा किया।

विजय को मिचेल जॉनसन ने चलता किया। जॉनसन की एक बाहर निकलती गेंद विजय के बल्ले के किनारे से लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में समा गई। विजय ने 88 गेंद में 53 रन बनाए। विजय के आउट होने पर मैदान में आए कप्तान कोहली ने पुजारा का अच्छा साथ निभाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 81 रन जोड़े। पुजारा 73 रन बनाकर नैथन लियोन की गेंद पर बोल्ड हो गए।