नई दिल्ली। आईसीसी टी-20 विश्व कप में पुरुषों के साथ पहली बार महिलाओं का भी टूर्नामेंट हो रहा है। अक्सर महिला क्रिकेट हाशिए पर रहता है क्योंकि प्रशंसकों को पुरुषों के खेल में ज्यादा रोमांच नजर आता है। मगर रिकॉर्ड्स पर नजर डालें तो महिलाओं के बनाए कई कीर्तिमान को क्रिस गेल, एबी डी’विलियर्स और विराट कोहली जैसे दिग्गज पुरुष क्रिकेटर भी नहीं तोड़ सके हैं।
सबसे तेज शतक : वेस्टइंडीज की देंद्रा डॉटिन ने 5 मई 2010 को सेंट किट्स में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 38 गेंदों में शतक ठोका था, जो सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। तब डॉटिन ने 19 साल की उम्र भी पूरी नहीं की थी। उन्होंने 45 गेंदों की पारी में कुल 112 रन बनाए थे, जिसमें 9 छक्के और 7 चौके शामिल थे।
अब पुरुषों की बात करें तो सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले द. अफ्रीका के रिचर्ड लेवी (45 गेंद) बहुत पीछे नजर आते हैं। उन्होंने यह रिकॉर्ड 19 फरवरी 2012 को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैमिल्टन में बनाया था।

सर्वाधिक विकेट : टी-20 क्रिकेट में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट का रिकॉर्ड पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के नाम है, जिन्होंने 94 मैचों में 93 विकेट लिए हैं। वेस्टइंडीज की महिला गेंदबाज एनिसा मोहम्मद अब तक 97 विकेट ले चुकी हैं, वह भी सिर्फ 80 मैचों में। अफरीदी ने यह विकेट 92 पारियों में लिए हैं जबकि अनिसा ने सिर्फ 77 पारियों में।

सर्वाधिक रन : न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मॅक्कुलम पुरुषों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 70 पारियों में 36 के औसत से 2140 रन बनाए हैं। वे 2000 या ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के एकमात्र पुरुष बल्लेबाज हैं। महिलाओं में इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स 88 पारियों में 2403 रन बना चुकी हैं। इंग्लैंड की ही साराह टेलर के 74 पारियों में 2005 रन हैं।

एक वर्ष में सर्वाधिक रन : ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लेनिंग के नाम एक कैलेंडर वर्ष में सर्वाधिक 625 रन बनाने का रिकॉर्ड है, जो उन्होंने 2014 में 17 पारियों में बनाए। पुरुषों में यही रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल के नाम है जिन्होंने 2012 में 472 रन बनाए थे।

कुछ मामलों में महिलाएं बहुत पीछे : महिला क्रिकेट में केवल द. अफ्रीका की टीम ऐसी है जिसने 200 या ज्यादा का टीम स्कोर बनाया है। 14 अक्टूबर 2010 को द. अफ्रीकी महिला टीम ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 205/1 का स्कोर बनाया था। पुरुष टीमें 40 बार 200 का आंकड़ा पार कर चुकी हैं। सर्वाधिक स्कोर का रिकॉर्ड श्रीलंका (260/6) को केन्या के खिलाफ 14 सितंबर 2007 को बनाया था।