Uncategorized ताजा खबर

यूपीएससी में महिलाओं का जलवा

महिलाओं की कामयाबी एक नए मुकाम पर पहुंची है। दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे आने के साथ ऐसी सुर्खियां आम हो चुकी थीं कि ‘लड़कों पर लड़कियों ने बाजी मारी”। तो युवतियों ने अब अपने देश के संभवत: सबसे मुश्किल इम्तिहान में भी वही करिश्मा कर दिखाया है। विभिन्न् प्रशासनिक सेवाओं के लिए इस बार 1,236 उम्मीदवारों का चयन हुआ। इस सूची में सबसे ऊपर के चार स्थानों पर जो नाम हैं, वे सभी महिलाओं के हैं।

अपने समाज में अभी कुछ दशक पहले तक लड़कियां चहारदीवारी के अंदर रहने को अभिशप्त थीं। आज भी आम परिवारों में लड़कों की तुलना में उन्हें हर किस्म के भेदभाव का शिकार होना पड़ता है। इस पृष्ठभूमि के बीच प्रतिस्पर्द्धा का परिणाम इस तरह पलट जाना किसी सामाजिक क्रांति से कम नहीं है।

इस तथ्य ने इसे और भी उल्लेखनीय बना दिया है कि यूपीएससी नतीजों में टॉप करने वाली इरा सिंघल शारीरिक रूप से विकलांग हैं। इरा ने यूपीएससी प्रवेश परीक्षा 2010 में ही पास कर ली थी। मगर विकलांगता के कारण उन्हें भारतीय राजस्व सेवा में ज्वाइन नहीं करने दिया गया। उनका मार्ग तब प्रशस्त हुआ, जब केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल में वे केस जीतीं। बहरहाल, उससे वे संतुष्ट नहीं हुईं। अपना दर्जा बढ़ाने के लिए फिर परीक्षा दी और इस बार वे शिखर पर हैं। सफल उम्मीदवारों की सूची में उनके बाद रेणु राज, निधि गुप्ता और वंदना राव का स्थान है।

जाहिर है, ये महिलाएं आने वाले समय में हजारों नवयुवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। भारत जैसे परंपरागत समाज में भी अपनी प्रतिभा और लगन की बदौलत स्त्रियां अनछुई ऊंचाइयों तक पहुंच सकती हैं, उनकी वजह से यह आत्मविश्वास नई पीढ़ी की महिलाओं में पैदा होगा। वैसे इस वर्ष की सफलता सूची में भी अनोखी मिसालें हैं। मसलन, उत्तरी कश्मीर में नियंत्रण रेखा से लगे कुपवाड़ा जिले की रुवैदा सलाम की उपलब्धि भी कोई कम नहीं है। यूपीएससी परीक्षा में लगातार दो बार सफल होने वाली वे कश्मीर की पहली उम्मीदवार बनी हैं। इस बार 878वें स्थान पर आईं रुवैदा 2013 में अपनी पहली कामयाबी के साथ कश्मीर घाटी में यूपीएससी क्लीयर करने वाली पहली कश्मीरी मुस्लिम महिला बनी थीं। इसके पहले एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने कश्मीर की राज्यस्तरीय प्रशासनिक सेवा (केएएस) में भी सफलता पाई थी। 2013 में उन्हें आईपीएस कैडर मिला था।

एक और चर्चित सफलता भोपाल की दो सगी बहनों ज्योति किरण नायडू और निवेदिता नायडू की है। दोनों बहनों ने साथ-साथ यूपीएससी के कामयाब उम्मीदवारों की सूची में अपना स्थान बनाया है। ये नतीजे शनिवार को घोषित हुए, जिस दिन हॉकी वर्ल्ड लीग में जापान को हराने के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने अगले वर्ष के रियो द जनेरो ओलिंपिक्स में खेलने की अपनी संभावना उज्ज्वल कर ली। कहा जा सकता है कि यह अपने देश की महिलाओं का उज्ज्वल युग है, जिसमें वे अभूतपूर्व कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।