ताजा खबर देश

निरंजन ज्योति के बयान पर लोकसभा में बोले मोदी- विवाद छोड़कर देशहित में काम होना चाहिए

नई दिल्ली: कई दिनों से जारी संसद के गतिरोध को खत्म करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में भी आज सांसद निरंजन ज्योति के मसले पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि निरंजन ज्योति ने अपने बयान को लेकर माफी मांग ली है और सदन के वरिष्ठ नेताओं का यह कर्तव्य बनता है कि उन्हें क्षमा कर दें। मैंने उनके बयान की निंदा भी की है।मोदी ने कहा कि निरंजन ज्योति नई हैं और सदन में पहली बार आई हैं। उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि गांव की हैं । उन्होंने माफी मांग ली है, इसलिए उन्हें माफ कर दें और सदन चलने दें। हमें मर्यादा नहीं तोड़नी चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने कठोरता से इस मसले पर कहा था कि ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं हो। क्योंकि उन्होंने माफी मांग ली है इसलिए अब इस विवाद को खत्म कर देना चाहिए।साध्वी निरंजन ज्योति के विवादास्पद बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बावजूद संसद में गतिरोध नहीं टूटा। विपक्ष नरेंद्र मोदी के जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ। लिहाजा दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा में) काफी देर तक इस मुद्दे पर हंगामा होता रहा। लोकसभा से विपक्ष ने वॉकआउट किया जबकि राज्यसभा को हंगामे की वजह से दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दिया गया।

साध्वी के बयान के मुद्दे पर कांग्रेस और टीएमसी के सांसदों ने संसद के बाहर धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी इस धरने में शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान सभी सांसदों ने मुंह पर काली पट्टी बांध रखी थी। दरअसल, विपक्ष निरंजन ज्योति के इस्तीफे पर अड़ा हुआ है। सरकार ने साफ कर दिया है कि चाहे जो हो जाए, साध्वी का इस्तीफा नहीं होगा।

गौर हो कि संसद के दोनों सदनों में साध्वी निरंजन ज्योति के बयान पर लगातार हंगामा हो रहा है। निरंजन ज्योति अपने बयान के लिए माफी मांग चुकी हैं। विपक्ष की मांग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा और लोकसभा में बयान भी दिया है गुरुवार को भी प्रधानमंत्री के बयान के बावजूद राज्यसभा में कोई काम नहीं हो सका था।

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।