ताजा खबर दिल्ली

दिल्ली की सड़कों पर नदारद ऑटो व टैक्सियां, हड़ताल से लोग बेहाल

नई दिल्ली। केंद्र और दिल्ली सरकार की अलग-अलग नीतियों से नाराज हजारों ऑटो व टैक्सी चालक आज हड़ताल पर हैं। इससे लोगों को दिक्कत आनी शुरू हो गई है। सुबह से ही लोग ऑटो-टैक्सी का इंतजार करते नजर आए, लेकिन लोगों को निराशा ही मिली।

ऐसे में मेट्रो व डीटीसी बस के साथ-साथ अगर आप कामकाज के सिलसिले में ऑटो व टैक्सी भी लेते हैं तो आज थोड़ा सतर्क रहें। गंतव्य तक पहुंचने के लिए कोई और विकल्प ही बेहतर होगा।

केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए रोड ट्रांसपोर्ट सेफ्टी बिल 2014 जिसे कुछ लागू किया जाना है तथा दिल्ली में AAP सरकार बनने के बाद किए गए वादों में से एक भी वादे पूरे नहीं किए जाने से नाराज दिल्ली के ऑटो टैक्सी चालकों ने इसका विरोध करते हुए पूरे दिन हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।

नतीजा दिन भर सड़कों पर ना तो हजारों ऑटो रिक्शा, ना ही काली-पीली टैक्सी और ना ही सामान्य टैक्सियां चलेंगी। इससे दिल्ली वालों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एयरपोर्ट, तमाम रेलवे स्टेशनों पर खासा प्रभाव पड़ेगा।

हड़ताल की चेतावनी ऑटो-टैक्सी संगठनों ने पहले ही सरकार को दे दी थी, मगर सरकार की ओर से कोई पहल नहीं होने से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज पूरे दिन ऑटो टैक्सी वाले चक्का जाम कर विरोध जताएंगे।

ऑटो-चालकों का कहना है सरकार अवैध तरीके से कैब चलाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और आए दिन बेवजह कभी परिवहन विभाग को कभी ट्रैफिक पुलिस परेशान करती है। किसी कारणवश कोई कागजात साथ नहीं रहने पर पांच हजार रुपये का जुर्माना कैसे कोई चालक दे सकता है।

लालबत्ती जंप करने, लाइसेंस ना होने, सीट बेल्ट नहीं पहनने आदि पर जिस तरह भारी भरकम जुर्माने किया जाता है। यह किसी भी सूरत में तर्कसंगत नहीं है। दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारी परमिट हस्तांतरण कराने वाले चालकों को परेशान कर रही है।

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।