Phase 1 voting:लोकसभा चुनाव 2019 की शुरुआत

नई दिल्‍ली: Lok sabha elections 2019 Phase 1 voting लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव 2019 की शुरुआत आज हो गई है। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली में एक पोलिंग बूथ के नजदीक नक्सलियों ने आइईडी ब्लास्ट किया है। देर रात तक चुनाव अधिकारी मतदान की तैयारी करते रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने मतदाताओं से मतदान करने की अपील की। सात चरणों में हो रहे आम चुनावों के इस प्रथम चरण में 20 राज्यों की कुल 91 सीटों का फैसला मतदाता कर देंगे। इनमें आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों, तेलंगाना की 17, असम की पांच, बिहार की चार, ओडिशा की चार, छत्तीसगढ़ की एक, जम्मू कश्मीर की दो, महाराष्ट्र की सात, अरुणाचल की दो, मणिपुर की दो, मेघालय की दो, नगालैंड-मिजोरम की एक-एक, सिक्किम-त्रिपुरा की एक-एक, उत्तर प्रदेश की आठ, उत्तराखंड की पांच, अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप की एक-एक और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर मतदान हो रहा है।

 

 

Live Updates…

16:24 PM- बिहार: दोपहर 3 बजे तक औरंगाबाद में 38.50%, गया में 44%, नवादा में 43% और जमुई में 41.34% मतदान दर्ज किया गया।

16:11 PM- मिजोरम में दोपहर 3 बजे तक 55.20% मतदान हो चुका है। वहीं त्रिपुरा में 3 बजे तक 68.65 फीसद और पश्चिम बंगाल में 69.94 फीसद वोटिंग हो चुकी है।

15:55 PM- उत्‍तर प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक 50.86 फीसद वोटिंग हुई है। नगालैंड में भी मतदाताओं में उत्‍साह देखने को मिल रहा है, वहां 3 बजे तक 68 फीसद मतदान हो चुका है। उधर, तेलंगाना में 48.95 फीसद, असम में 59.5 फीसद और नगालैंड में 55 फीसद मतदान दोपहर 3 बजे तक हो चुका है।

15:45 PM- लक्षद्वीप में दोपहर 3 बजे तक 51.25%, उत्तराखंड 46.59% और मणिपुर में 68.90% मतदान हो चुका है। वहीं नागपुर की सीटों पर 3 बजे तक 38.35% मतदान हुआ।

15:35 PM लोकसभा चुनाव 2019 के तहत दोपहर 3 बजे तक हापुड़ में 55, धौलाना में 54 फीसद मतदान की खबर है। एनसीआर के गाजियाबाद में अब तक 47 फीसद, मेरठ में 50.57 और बिजनौर 50.05 फीसद मतदान हो चुका है। इसके अलावा सहारनपुर में 53, मुजफ्फरनगर में 52.41, बागपत में 51 और कैराना में 53.43 फीसद मतदान की खबर है।

15:08 PM महाराष्ट्र के गढ़चिरौली के शंकरपुर गांव के पास ट्रैक्टर के पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई, 9 घायल हो गए है। सभी लोग वोट डालने के बाद अपने गांव लौट रहे थे।

14:56 PM- औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत नक्सल प्रभावित इलाके देव के ढिबरा थाना क्षेत्र स्थित भलुआहि के समीप नकली ईवीएम के साथ एक व्‍यक्ति सुरेश पासवान को हिरासत में लिया गया है। आरोपित पोलिंग बूथ के बाहर एक राजनीतिक दल को वोट देने को लेकर मतदाताओं को जानकारी दे रहा था। नकली ईवीएम को इस तरह बनाया गया है कि इसमें असली ईवीएम की तरह बटन दबाने पर आवाज आती है।

14:40 PM: दोपहर 1 बजे तक जम्मू-कश्मीर (जम्मू और बारामूला लोकसभा सीटों) में 35.52% वोटिंग दर्ज की गई है। सिक्किम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में 39.08% मतदान, मिज़ोरम संसदीय क्षेत्र में 46.5% लोगों ने वोट डाले हैं।

14:25 PM- भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्‍तान और तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमिटी के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद अजहरुद्दीन ने हैदराबाद के पोलिंग बूथ नंबर 71 पर मतदान किया।

ANI

@ANI

Hyderabad: Former cricketer and Telangana Pradesh Congress Committee (TPCC) working president, Mohammad Azharuddin, cast his vote at polling booth number 71.

14:16 PM- मुजफ्फरनगर रतनपुरी के मुस्लिम बहुल गांव टोडा में भाजपा के कार्यकर्ता अनुज गुर्जर का सिर फोड़ा। फर्जी मतदान का विरोध करने पर मुस्लिम युवक ने ईंट मारी। मौके पर पुलिस पहुंची।

14:01 PM- महाराष्ट्र में दुनिया की सबसे छोटी महिला ज्योति आमगे ने नागपुर लोकसभा क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ में मतदान किया। जब ज्‍योति पोलिंग बूथ पर पहुंचीं तो उन्‍हें देखने के लिए भीड़ जुट गई।

13:45 PM- कैराना लोकसभा क्षेत्र के कांधला के गांव रसूलपुर गुजरान में गुरूवार को मतदान के दौरान बड़ा बखेड़ा हो गया। दो ग्रामीणों ने मतदान कर्मियों पर उन्हें वोट न डालने देने और खुद ही एक प्रत्याशी को वोट देने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी जब अन्य ग्रामीणों को लगी तो काफी संख्या में वह बूथ पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया।इस दौरान एमएलसी एवं भाजपा नेता विरेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे। विवाद बढ़ता देख बीएसएफ जवान ने पांच राउंड हवाई फायरिंग की जिससे हड़कंप मच गया।

 13:30 PM- सहारनपुर के छुटमलपुर इंटर कालेज में बने मतदान केंद्र पर भीम आर्मी चीफ चन्द्रशेखर ने वोट डाला।

13:27 PM- उत्तराखंड में दोपहर 1 बजे तक 41.27% वोटिंग दर्ज की गई है। वहीं एक बजे तक उत्‍तर प्रदेश के मेरठ में 42.13 प्रतिशत, बिजनौर में 39.80 प्रतिशत, सहारनपुर में 41 प्रतिशत मतदान, मुज़फ्फरनगर में 36.98 प्रतिशत, बागपत में 38 प्रतिशत और कैराना में 38.70 प्रतिशत हुआ।

13:19 PM- संजीव बाल्यान ने आरोप लगाया है कि बुर्के में महिलाओं की जांच नहीं की जा रही है, इस पर जवाब देते हुए अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी बीआर तिवारी ने कहा कि यदि कोई महिला घूंघट या बुर्के में है तो हमारे पास महिला अधिकारी है जो कि उनकी पहचान सत्यापित करती हैं और उसके बाद ही उन्हें मतदान करने देती हैं। इस तरह की कोई घटना हमारे संज्ञान में नहीं आई है।

13:02 PM- हैदराबाद: टॉलीवुड अभिनेता नागा चैतन्य और सामंथा ने नानकग्रामगुडा के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला

12:52 PM- उमर अब्दुल्ला के ट्वीट पर पुंछ (जम्मू और कश्मीर) के जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि शाहपुर में कांग्रेस के बटन के साथ समस्था थी जिस कारण हमारे कर्मचारियों ने मशीन को बदल दिया। एक अन्य मतदान केंद्र पर भाजपा का बटन काम नहीं कर रहा था, हमने उसे भी बदल दिया।

12:20 PM- महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली में एक पोलिंग बूथ के नजदीक नक्सलियों ने आइईडी ब्लास्ट किया है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए यहां पोलिंग रुक गई।

12:05 PM- तेलंगाना में खम्‍मम से कांग्रेस उम्‍मीदवार रेणुका चौधरी ने मतदान किया। इसके बाद उन्‍होंने कहा कि मुझे पूरी उम्‍मीद है लोकसभा चुनाव 2019 की रेस में जीतेंगे। मैं बेहद आशावादी हूं।

11:46 AM- अलगाववादियों द्वारा हड़ताल का अह्वान किए जाने के बावजूद जम्‍मू और बारामुला लोकसभा सीट पर 11 बजे तक 24.66 फीसद मतदात हो चुका है। इससे साफ जाहिर है कि अलगाववादियों के फरमान का मतदाताओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 11 बजे तक 38.8 फीसद और मेघालय में 27% मतदान हो चुका है।

11:33 AM- उत्‍तर प्रदेश की 8 लोकसभा सीटों पर 11 बजे तक 24.32% मतदान हुआ है। वहीं तेलंगाना में 11 बजे तक 22.84%, उत्‍तराखंड में 23.78%, लक्ष्‍यद्वीप में 23.10% और महाराष्‍ट्र की सात सीटों पर सिर्फ 13.7% मतदान हुआ है।

11:15 AM- 11 बजे तक उत्‍तर प्रदेश के मेरठ में 25.4 प्रतिशत, बिजनौर में 24.9 प्रतिशत, सहारनपुर में 26 प्रतिशत,  मुज़फ्फरनगर में 27.2 प्रतिशत, बागपत में 26 प्रतिशत और कैराना में 25.8 प्रतिशत मतदान हुआ।

11:10 AM- असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ के एक पोलिंग बूथ में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए मतदान किया।

10:55 AM- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मतदान को लेकर गजब का उत्‍साह देखने को मिल रहा है। मतदान के लिए भारी संख्या में पहुंचे ग्रामीण। आपको बता दें कि 9 अप्रैल को दंतेवाड़ा में एक नक्सली हमले में भाजपा विधायक भीमा मंडावी और 4 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी।

10:42 AM- राजौरी शहर के लड़कों के हायर सेकेंडरी स्कूल में बने मतदान केंद्र संख्या नंबर 128 में अपना वोट डालने के लिए 95 वर्षीय आलम दीन परिवार के सदस्यों के साथ पहुंचे। यहां पर उन्होंने अपने मत का उपयोग किया।

10:39 AM- हरिद्वार में योगगुरु बाबा रामदेव ने किया मतदान। उन्‍होंने कनखल के दादूबाग स्थित मतदान केंद्र पर मतदान किया। इस दौरान उनके साथ पोलिंग बूथ पर आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद थे। रामदेव ने देश के साथ विश्वासघात करने वालों के खिलाफ मतदान की अपील। उन्‍होंने कहा कि मतदातओं को देश की सुरक्षा करने वालों का समर्थन करना चाहिए।

10:35 AM- जमुई संसदीय क्षेत्र के शेखपुरा विधान सभा के बूथ नंबर 95 ओठमा गांव में लोगों ने सड़क और पानी की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार किया। जमुई के तरी दाबिल बूथ संख्या 232 पर लगभग 1300 मतदाताओं ने वोट का बहिष्कार किया है। नवादा में अबतक चार बूथों पर वोट बहिष्कार की सूचना मिली है।
नवादा के शेखपुरा विधानसभा अंतर्गत सुजावलपुर में बूथ नंबर 20 पर काफी कम मतदान हो रहा है। गदबदिया व सुजावलपुर के ग्रामीण सड़क नही रहनेके कारण वोट देने नही पहुंच पा रहे हैं।

10:30 AM- बिहार की चारों सीटों पर सुबह 10 बजे तक कुल 13.73 फीसद मतदान हो चुका है। गया में 19 फीसद, औरंगाबाद में 13.46 फीसद, नवादा में 9 फीसद और जमुई में 14 फीसद मतदान हुआ है।

10:07 AM-  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्‍ट्र के नागपुर स्थित पोलिंग बूथ नंबर 220 पर मतदान किया। वह नागपुर से भाजपा के उम्‍मीदवार हैं। वह परिवार के साथ मतदान करने पहुंचे।

10:03 AM- जम्‍मू-कश्‍मीर के ऊधमपुर में बारामूला सीट के लिए कश्मीरी पंडितों के लिए बना बूथ अलग ही नजर आ रहा है। इसे रंग-बिरंगे गुब्‍बारों से सजाया गया है। इस बूथ पर सुरक्षा के मद्देनजर कड़े इंतजाम किए गए हैं।

09:50 AM- सुबह 9 बजे तक उत्‍तर प्रदेश के सहरनपुर में 8%, कैराना में 10%, मुजफ्फरनगर में 10%, मेरठ में 10%, बिजनोर में 11%, बागपत में 11%, गाजियाबाद 12% और गौतम बुद्ध नगर में 12% मतदान हुआ है। वहीं तेलंगाना में सुबह 9 बजे तक 10.6 फीसद और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 5.83 फीसद, असम में 10.2 फीसद, लक्ष्‍यद्वीप में 9.83 फीसद और अरुणाचल प्रदेश में 13.3 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में 18.12 फीसद, मिजोरम में 17.5 फीसद, छत्‍तीसगढ़ में 10.2 फीसद और मणिपुर में 15.6 फीसद मतदान 9 बजे तक हो चुका है।

09:45 AM- नोएडा सेक्टर-15ए पोलिंग बूथ में अंदर जाने को लेकर भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के सुरक्षाकर्मियों व मतदान स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों में झड़प।

09:40 AM- जन सेना के विधायक मधुसूदन गुप्‍ता ने आंध्र प्रदेश में अनंतपुर जिले के गूटी पोलिंग बूथ पर वोटिंग मशीन को तोड़ दिया। गुप्‍ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद मतदान कुछ समय के लिए रोक दिया गया।

 09:21 AM – सुबह 09 बजे तक बिहार के गया में 13 फीसद, औरंगाबाद में 6.8 फीसद, नवादा में 5 फीसद, जमुई में 5.87 फीसद मतदान हुआ है। बिहार की चारों सीटों पर कुल मतदान: 7.58 फीसद मतदान हुआ है। उधर, नगालैंड में सुबह 9 बजे तक 21 फीसद मतदान हो चुका है।

9:20 AM – सिक्किम में लोकसभा की एक व विधानसभा की 32 सीटों की लिए मतदान जारी है। सिक्किम में मतदान केंद्र पर लगी मतदाताओं की कतार। मतदान कर लौटते बाईचुंग भूटिया।

9:16 AM- केंद्रीय मंत्री और मुजफ्फरनगर से भाजपा उम्‍मीदवार डॉक्टर संजीव बालियान ने कहा कि बुर्के में जो महिलाएं मतदान करने आ रही हैं, उनकी पहचान नहीं की जा रही। ऐसे में फर्जी वोटिंग हो सकती है। अगर इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो मैं री-पोलिंग की मांग करूंगा।

09:05 AM- गया जिला के स्वराज पुरी रोड स्थित मतदान संख्या 120 पर बिहार सरकार के कृषि मंत्री डॉ प्रेम कुमार मतदान करने लिए साइकिल से पहुंचे।

9:03 AM- आंध्र प्रदेश के आईटी मिनिस्टर और टीडीपी नेता नारा लोकेश ने मतदान किया। इसमें कोई दो राय नहीं है कि मंगलागिरी में हमारी पार्टी जीत करने जा रही है। इसके अलावा पूरे राज्‍य में हम अच्‍छा प्रदर्शन करेंगे।

8:37 AM – वाइएसआर प्रमुख जगन मोहन रेड्डी ने वोट डालने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि मुझे पूरा विश्‍वास है लोग बदलाव चाह रहे हैं। मतदाता बिना की भय के वोटिंग कर रहे हैं। बता दें कि आंध्र में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं। जगन मोहन रेड्डी की पार्टी का मुकाबला चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी से है।

8:20 AM – उत्‍तराखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने देहरादून में मतदान किया। वह लाइन में लगकर पोलिंग बूथ के भीतर पहुंचे।

View image on TwitterView image on Twitter

8:18 AM- उत्‍तर प्रदेश के बागपत में एक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं का स्‍वागत पुष्‍प वर्षा और ढोल बजाकर किया जा रहा है। मतदाता ये देख काफी उत्‍साहित हो रहे हैं।

 8:15 AM- आंध्र प्रदेश के मुख्‍यमंत्री चंद्रबाबू नायडु ने अपने परिवार के साथ अमरावती में मतदान किया।

7:56 AM – बिहार में गया के डुमरिया स्थित अरबन सलैया बूथ के बाहर एक केन बम मिलने से हड़कम्‍प मच गया है। बूथ पर वोटिंग अभी तक शुरू नहीं हो सकी है। यह बूथ नक्‍सली इलाके में है। इससे पहले कल भी सीआरपीएफ के कोबरा जवानों ने एक बूथ के पास नक्सलियों द्वारा प्‍लांट किए दो आइईडी और एक देसी बम को बरामद कर डिफ्यूज किए थे।

7:50 AM – उत्‍तराखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री हरीश रावत मतदान करने के लिए लाइन में लगे। कांग्रेस ने रावत को उत्तराखंड की नैनीताल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है।

7:29 AM – लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर मतदाताओं में काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। पोलिंग बूथों के बाहर लंबी-लंबी कतारें नजर आ रही हैं। ज्‍यादातर लोग सुबह मतदान कर अपने काम पर निकल जाना चाहते हैं।

7:15 AM – संघ प्रमुख मोहन भागवत और भैय्याजी जोशी ने महाराष्ट्र की नागपुर लोकसभा सीट पर वोट डाल दिया है। मोहन भागवत ने वोट डालने के बाद कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, एकता के लिए लोगों को वोट करना चाहिए। इसके अलावा भैय्याजी जोशी ने कहा कि स्थिर सरकार को सत्ता में लाने के लिए देश के हर वोटर को अपने मत का प्रयोग करना चाहिए।

07:02 AM – लोकसभा चुनाव 2019 के लिए 20 राज्‍यों की 91 लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। मतदान शाम 7 बजे तक होगा।

6:55 AM – मतदाताओं से अपील करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में जरूर हिस्सा लें। अधिक-से-अधिक संख्या में मतदान करें। पहले मतदान, फिर जलपान!

6:50 AM – महाराष्‍ट्र के नागपुर में लोकसभा चुनाव 2019 के लिए पोलिंग बूथ नंबर 255 पर चुनाव से पहले मॉक पोलिंग की गई। लगभग सभी पोलिंग बूथों पर तैयारी पूरी हो गई। देर रात तक चुनाव अधिकारी तैयारियों में जुटे रहे। चुनाव अधिकारियों को अब सिर्फ मतदाताओं के आने का इंतजार है।

6:47 AM – 17वीं लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होने जा रहा है। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में 14 करोड़ से अधिक मतदाता 1279 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 170664 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

चुनाव आयुक्‍त ने बुधवार शाम मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरी विनम्र अपील है कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं और वोट डालें, जिससे लोकतंत्र मजबूत होगा। हमारे प्रयास फलीभूत होंगे, अगर हर एक मतदाता पूरे उत्साह और भरोसे के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लें