न्यूयाॅर्क के टाइम्स स्क्वेर पर बॉल ड्रॉप इवेंट के बाद नए साल का जश्न शुरू हुआ।न्यूयाॅर्क के टाइम्स स्क्वेर पर बॉल ड्रॉप इवेंट के बाद नए साल का जश्न शुरू हुआ।

  • ऑकलैंड में हर साल की तरह सबसे पहले शुरू हुआ नए साल का जश्न
  • देशभर में आतिशबाजी के साथ हुआ नए साल का स्वागत

वॉशिंगटन. दुनियाभर में धूमधाम से नए साल का जश्न मनाया जा रहा है। एशिया से लेकर यूरोप के अलग-अलग देशों में आतिशबाजी के साथ साल का स्वागत हुआ। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वेयर में 12 बजते ही बॉल ड्रॉप इवेंट के साथ नया साल मनाना शुरू किया गया है। दरअसल, अमेरिका भारत से समय में पीछे है। इस लिहाज से जब अमेरिका में नया साल शुरू हुआ तब भारत में सुबह साढ़े दस बजे थे।

टाइम्स स्क्वेयर पर जश्न के लिए जुटती है भीड़

अमेरिका में बॉल ड्रॉप इवेंट काफी पॉपुलर है। इसमें नए साल की उल्टी गिनती शुरू होते ही बॉल ऊपर से नीचे की ओर आती है। 18वीं शताब्दी में बंदरगाहों पर हर दिन एक तय वक्त पर इसी तरह की बॉल ड्रॉप की जाती थी। इससे नाविकों को सिग्नल मिल जाता था और वे अपनी घड़ियों का टाइम सेट कर लेते थे। 1907 से न्यूयॉर्क टाइम्स ने न्यू ईयर सेलिब्रेशन शुरू किया। आतिशबाजी की राख से जब जश्न मनाने आए लोग परेशान होने लगे तो यह सोचा गया कि आतिशबाजी कम की जाए और नए साल की शुरुआत के सिम्बल के तौर पर टाइम बॉल ड्रॉप की जाए। यह इवेंट कुछ ही सालों में पॉपुलर हो गया।

 

इंडोनेशिया-थाईलैंड में अलग-अलग तरीकों से मना नया साल
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में करीब 500 जोड़ों ने शादी रचाई। इसका आयोजन खुद सरकार ने किया। हालांकि, सुनामी की वजह से जान गंवाने वालों की याद में इस बार आतिशबाजी नहीं रखी गई। जापान में लोगों ने अमेरिकी बॉक्सिंग सुपरस्टार फ्लॉयड मेवेदर और जापानी फाइटर तेनशिन नसुकावा के बीच मैच देखकर नए साल का स्वागत किया। मेवेदर ने इस मैच में तेनशिन को आसानी से हरा दिया।

 

थाईलैंड के नोनथाबुरी में कई लोगों ने नए साल पर अपने ही अंतिम संस्कार का आयोजन किया। इसमें लोग अपने ताबूतों में लेटे और फिर निकलकर एक-दूसरे को नए साल की बधाई दी। चीन के बीजिंग में भी बिना आतिशबाजी के सांस्कृतिक नृत्य के साथ लोगों ने नया साल मनाया।

 

न्यूजीलैंड से शुरू हुआ था नए साल का जश्न

न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में सबसे पहले न्यू ईयर का जश्न शुरू हुआ। यहां भारतीय समय के मुताबिक, शाम 4.30 बजे साल 2019 का स्वागत किया गया। जश्न की शुरुआत आतिशबाजी के साथ की गई। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में भारतीय समयानुसार शाम 6.30 बजे नया साल मनाया गया। न्यूजीलैंड का टाइम भारत से 7.30 घंटे आगे है। इसीलिए हर बार सबसे पहले नए साल जश्न यहीं शुरू होता है।

 

 

देशभर में नए साल का जश्न

दिल्ली, मुंबई, भुवनेश्वर, लखनऊ, रायपुर, भोपाल, विजयवाड़ा, कोलकाता समेत पूरे देश में नए साल का जश्न मनाया गया। लोगों ने आतिशबाजी के साथ 2019 का स्वागत किया। इंडिया गेट को तिरंगे के रंग की लाइटों से सजाया गया। मुंबई के गेट वे ऑफ इंडिया पर भी हजारों लोग न्यू ईयर सेलिब्रेट करने के लिए इकट्ठा हुए। छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ जवानों ने आतिशबाजी के साथ नए साल का जश्न मनाया।