कोलकाता मेट्रो में आग से हड़कंप, 46 यात्रियों की तबीयत खराब

कोलकाता मेट्रो में आग से हड़कंप, 46 यात्रियों की तबीयत खराब

फायर ब्रिगेड और कर्माचारियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया इस आग से कोई भी हताहत नहीं हुआ।

कोलकाता। कोलकाता की लाइफ लाइन, कोलकाता मेट्रो की एक एसी रेक में गुरुवार शाम आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना रवींद्र सदन से मैदान स्टेशन के बीच घटी। आग के बाद धुएं की वजह से 46 यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल में भर्ती छह लोगों की हालत गंभीर है। हादसे के बाद घंटों मेट्रो रेल परिसेवा बाधित रही। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। ऑफिस टाइम के दौरान मेट्रो सेवा बाधित होने से सड़क यातायात पर भारी दबाव पड़ा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं।

उन्होंने मेयर से मेट्रो में बार-बार ऐसी घटना होने के कारणों का पता लगाने को कहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू गरिया से दमदम की तरफ जानेवाली एक मेट्रो रवींद्र सदन से शाम को रवाना हुई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार शाम करीब 4.56 बजे अचानक तेज आवाज के साथ मेट्रो बीच सुरंग में खड़ी हो गई। इसी के साथ मेट्रो में अंधेरा हो गया। एक-एक कर इमरजेंसी लाइट जलने लगी। इससे पहले लोग कुछ समझ में आता, मेट्रो के इंजन से सटी पहली बोगी के बाहर आग की लपटें नजर आने लगीं। इसके साथ ही तेजी से बोगी में धुंआ भरने लगा।

चारों तरफ चीख पुकार मची थी। कुछ यात्री ने शीशा तोड़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। एसी रैक होने के कारण धुएं तेजी से बोगी में फैला। भीतर बैठे लोगों को सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी। लगभग 20 मिनट के संघर्ष के बाद मेट्रो रेल प्रबंधन ने बचाव कार्य आरंभ किया।

ट्रैक की बिजली बंद कर बोगी की खिड़कियों के कांच तोड़ उन्हें बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। आरंभिक जांच के बाद आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी है।