सतना, नईदुनिया प्रतिनिधि। चित्रकूट के आयुर्वेद तेल व्यापारी ब्रजेश रावत ने अपने बच्चों के अपहरण और हत्या में कई बड़े लोगों के शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फिरौती की रकम मांगने की जानकारी उप्र और मप्र पुलिस को थी। मप्र पुलिस का यह कहना झूठ है कि उसे फिरौती की जानकारी नहीं थी। मेरे फोन सर्विलांस पर लगे थे। मेरी किससे बात हो रही है, इसकी जानकारी आईजी, एसपी, डीआईजी के पास पहुंच रही थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से गुहार लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। 12 फरवरी को ब्रजेश के जुड़वां बेटों प्रियांश और श्रेयांश (5) का अपहरण किया गया था। शनिवार देर रात दोनों के शव उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरू के पास यमुना नदी से बरामद किए थे।