भोपाल। संसद और विधानसभाओं के बजट सत्र को लेकर कांग्रेस की रणनीति नई दिल्ली में तय होगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। इसमें मनरेगा को लेकर केंद्र सरकार के रुख को लेकर भी रणनीति बनेगी। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव हिस्सा लेंगे।
सूत्रों के मुताबिक ये पहली बार हो रहा है कि संसद सत्र के पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में संगठन के कामकाज के अलावा आगामी संसद और विधानसभाओं के बजट सत्र को लेकर रणनीतिक चर्चाएं होंगी।
पार्टी ने तय किया है कि लोकसभा और राज्यसभा में प्रदेशों के मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश इकाईयों से तथ्यात्मक जानकारियां भी मांगी गई हैं। बैठक में प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र को लेकर भी दिशानिर्देश मिल सकते हैं।
दिग्विजय और ज्योतिरादित्य करेंगे मैहर में सभा- मैहर में पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और ज्योतिरादित्य सिंधिया की सभाएं कराई जाएंगी। दिग्विजय सिंह नौ फरवरी और ज्योतिरादित्य सिंधिया 11 फरवरी को मैहर पहुंचेंगे। दोनों नेताओं के रोड शो भी होंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष 7 फरवरी से मैहर में रहेंगे।