चाकू से गला काट कर जान देने वाली मॉडल शिखा जोशी (40) ने कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. विजय शर्मा और अन्य शादीशुदा मर्दों को जिम्मेदार ठहराया है, जिन्होंने उसका शोषण किया था। मॉडल की रूममेट मधु भारती ने पुलिस को बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में काम नहीं मिलने से वह पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी। मधु भारती के द्वारा शिखा के आखिरी शब्द एक मोबाइल क्लिप में रिकॉर्ड किए गए। पढ़ें, पुलिस को मिली इस रिकॉर्डिंग के अंश।
मधु- हां शिखा, शिखा, शिखा, बेटा बताओ तुमने ऐसा क्यों किया?
शिखा- नहीं जानती। (शिखा ने उठने का प्रयास किया, लेकिन बाथरूम में खून से फिसल गई)
मधु- शिखा, तुमने ये सब क्यों किया? ये कपड़ा लो और इसे अपनी गर्दन पर लगा लो ताकि खून बहने से रुक जाए। पुलिस हमसे पूछेगी? इसके पीछे किसकी गलती है?
शिखा- सब की।
मधु- सब कौन? किसकी गलती है? हम उनका नाम पुलिस को बताएंगे?
शिखा- डॉक्टर शर्मा।
मधु- डॉक्टर शर्मा और कौन?
शिखा- शादीशुदा मर्द।
मधु- शादीशुदा मर्द, कितने?
शिखा- सभी।
मधु- शिखा, ये रुमाल अपनी गर्दन पर रखो। शिखा, शिखा। (तभी तीसरे शख्स की एंट्री, कैमरा एंगल चेंज हुआ और भारती ने रिकॉर्डिंग जारी रखने के लिए पूछा। एक आदमी ने शिखा को देखा)
मधु- शिखा कह रही थी कि डॉक्टर शर्मा और शादीशुदा मर्दों ने उसका शोषण किया है। वही इसके लिए जिम्मेदार हैं।
एक आदमी की आवाज- इसे हॉस्पिटल लेकर चलो।
मधु- हम इसे हॉस्पिटल कैसे लेकर जाएंगे? (तभी बैकग्राउंड में आवाज सुनाई दी- यहां बच्चों को यहां से दूर रखना)
आदमी की आवाज- इसे कार में हॉस्पिटल ले चलते हैं।
मधु- तुम ही इसे उठाओ, मैं शिखा को नहीं उठा सकती हूं।
एक औरत की आवाज- तुम इसे कार में कैसे लेकर जाओगी, काफी खून बहेगा?
एक आदमी की आवाज- इसे छोड़ो। क्या कोई एंबुलेंस आ सकती है? (फर्श पर पड़ी शिखा शायद सब बातें सुन रही थी, इतने में शिखा ने दोबारा गला काट लिया)
कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. विजय शर्मा ने इन आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि ये एक ब्लैकमेलिंग रैकेट का हिस्सा था, मामला कोर्ट में है जल्द ही सच सबके सामने आएगा। बता दें कि शिखा ने 2011 में कॉस्मेटिक सर्जन पर ब्रेस्ट सर्जरी के दौरान गलत तरीके से छूने और छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। डॉक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उस पर 2008 में भी एक महिला ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। फिलहाल वह दोनों मामलों में जमानत पर रिहा हो चुका है।
एसीपी समाधान धानेढकर ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने बाथरूम के गेट से फिंगर प्रिंट लिए हैं। इसी बाथरूम में शिखा खून से लथपथ हालत में मिली थी। गौरतलब है कि फिल्म ‘बी ए पास’ में काम कर चुकीं शिखा का शव शनिवार को अंधेरी वेस्ट स्थित मधु भारती के फ्लैट के बाथरूम में मिला था। उस वक्त शिखा और मधु फ्लैट में मौजूद थीं।