वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा है कि अमेरिका आए पाकिस्तानी सेना प्रमुख रहील शरीफ के साथ उनकी मुलाकात कारगर रही। लंबी विदेश यात्रा से लौटने और थैंक्सगिविंग की छुट्टियों के बाद विदेश मंत्रालय के फॉगी बॉटम मुख्यालय में यह केरी की यह पहली आधिकारिक बैठक थी। केरी ने इस बैठक के बाद ट्वीट किया, डीसी पोस्ट में वापसी- थैंक्सगिविंग। पाकिस्तान के सेना प्रमुख रहील शरीफ के साथ विदेश मंत्रालय में बैठक कारगर रही। इस बैठक की कोई और जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है। केरी द्वारा उनके ट्विटर एकाउंट पर पोस्ट की गई तस्वीर में अमेरिकी विदेश मंत्री पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख जनरल शरीफ से हाथ मिलाते दिखाई दे रहे हैं। शरीफ सेना की वर्दी की बजाय सामान्य कपड़ों में थे। पाकिस्तान के शीर्ष कमांडर के रूप में अमेरिका की अपनी पहली यात्रा के दौरान जनरल शरीफ लगभग दो सप्ताह तक अमेरिका में रुके। यह किसी पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख द्वारा यहां रुकने की सबसे लंबी अवधि में से एक है।