ग्राहक बन आए दो ठग दुकान से 83 ग्राम की सोने की छह चेन लेकर चंपत हो गए। चोरी गए गहनों की कीमत लगभग ढाई लाख रूपए आंकी जा रही है। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जवाहर नगर निवासी सुरेन्द्र कुमार मोगा पिता हरनाम सिंह मोगा की पटनीबाजार में गुरूनानक ज्वैलर्स नाम से सोने-चांदी की दुकान है।

गुरूवार को सुरेंद्र अपने पुत्र रितेश के साथ दुकान पर थे। करीब तीन बजे गहने खरीदने दो व्यक्ति दुकान पर आए। उन्होंने 10 ग्राम की सोने की चेन दिखाने को कहा। सुरेंद्र के मुताबिक, उस समय दुकान पर सोने की चेन नहीं थी तो उन्होंने रितेश को दूसरी दुकान से चेन लाने को कहा। कुछ ही देर में रितेश चार पैकेट में सोने की चेन ले आया, जिसका वजन 249 ग्राम था। दोनों व्यक्तियों ने उसमें से एक पैकेट को पंसद कर बिल बनाने को कहा।

सुरेंद्र बिल बनाने की तैयारी कर रहे थे कि दोनो में से एक ने रूमाल निकाल कर उसे हवा में फटक दिया। इसके बाद दोनों उठे और चल दिए। उनके जाने के बाद उन्होंने देखा कि सोने का पैकेट गायब था। सुरेंद्र ने बताया कि दोनो ठग 83 ग्राम सोने की छह चेन लेकर चंपत हो गए, जिसकी कीमत लगभग ढाई लाख रूपए है। सुरेंद्र ने फौरन सीसीटीवी को खंगाला तो उसमें एक व्यक्ति सोने की चेन को पेंट की जेब में रखते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है