ताजा खबर मध्यप्रदेश

झमाझम से फिर शहर तरबतर…

रतलाम। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही निकलने से जिले में कहीं खुशी, कहीं गम जैसी स्थिति हो गई है। शुक्रवार को सूबे के कई स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। इससे कटाई कार्य में जुटे किसान परेशान हो गए, वहीं देर से पकने वाली फसलों को लाभ मिलने से किसान खुश है। बरसात से मौसम भी खुशनुमा हो गया और गर्मी, उमस से लोगों को राहत मिली।

जिले में 60 फीसद से अधिक खरीफ फसलें पककर तैयार हो चुकी है। कई किसान कटाई कार्य से भी निवृत्त हो चुके हैं, वहीं कई खेत-खलिहानों में फसलें काटकर रखी हुई हैं। जिले में शुक्रवार सुबह से बारिश का सिलसिला प्रारंभ हुआ। थोड़े-थोड़े अंतराल में दिनभर तेज हवाओं के जोरदार बारिश होती रही। इससे जहां सड़कों पर पानी की रेलमपेल मच गई, वहीं नीचले क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति निर्मित हो गई। अचानक बारिश होने से दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों को बचने के लिए इधर-उधर सुरक्षित स्थान ढूंढना पड़े। खेतों में कटाई कार्य में जुटे किसानों को फसल बचाने में मशक्कत करना पड़ी। अचानक बारिश से कई खेतों में काटकर रखी गई फसल भीग गई।

किसानों को दी सलाह

उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को प्रदेश के पूर्वी व दक्षिणी भाग स्थित जिलों में अगले 72 घंटो में कहीं-कहीं तेज अथवा मूसलधार बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। वर्तमान में जिले में सोयाबीन तथा दलहनी फसलों की कटाई की जा रही है। कृषि विभाग ने फसल बचाने के लिए आवश्यक सलाह दी है। उप संचालक कृषि केएस खपेड़िया ने बताया कि किसान कटाई के बाद फसलों को खेत में न छोड़ें। तत्काल सुरक्षित पर पहुंचाएं। खलिहान में रखी फसल को भी तिरपाल से ढांक कर रखें। इसके बाद भी किसी कारण से काटकर रखी गई फसल गीली हो जाए तो

बारिश रुकने के बाद उसे साफ व सूखे स्थान पर फैलाए और नमी खत्म होने पर थ्रेसिंग करें।

तापमान भी लुढ़का

जिले में गुरुवार से बारिश का दौर पुनः प्रारंभ होने से तापमान भी लुढ़क गया। अधिकतम में करीब 5 और न्यूनतम में करीब 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 28.6 व 22.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि गुरुवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 33.4 व 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।