शामगढ़ (मंदसौर)। चीन के साथ झूले झूलने वाले प्रधानमंत्री बताएं कि चीन ने कल ही पाकिस्तान का पक्ष लेकर हमारी भावना पर कुठाराघात किया है। क्या यही हमारी विदेश नीति है? काला धन एवं महंगाई पर भाजपा खामोश क्यों है? पत्रकार संदीप कोठारी की हत्या में भाजपा नेताओं का हाथ होने का मैं आरोप लगाता हूं। योग व झाडू नौटंकी है।
यह बात पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने कही। वे शामगढ़ में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को सपनों का सौदागार बताते हुए कहा कि गरोठ उपचुनाव में संभावित पराजय देखकर हताश हो गए हैं। प्रदेश में अराजकता के हालात हैं। नौकरशाहों एवं पत्रकारों की सरेआम हत्या की जा रही है। बाबा रामदेव ने योग को व्यवसाय बना लिया है। यह व्यक्ति धोखेबाज है। राजपथ पर योग करने से देश को क्या हासिल होगा।
श्री सिंह ने व्यापमं घोटाले में भाजपा अपने नेताओं को बचा रही है। व्यापमं में मेरे विरुद्ध आरोप तो लगाए, लेकिन चुनौती देता हूं कि वे इसे न्यायालय में सिद्ध कराए। एक सवाल से जवाब में कहा एसटीएफ की जांच को पक्षपातपूर्ण बताया और कहा कि जांच से संतुष्ट नहीं हूं। अभी तक इस घोटाले के मुखिया तक हाथ नहीं पहुंच पाए हैं। विधायक हरदीपसिंह डंग, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज मुजावदिया, कमलेश जायसवाल सहित कई नेता उपस्थित थे।