बुधवार से शहर लगातार डेढ़ दिन बंद रहेगा। कांग्रेस ने अपना 1 मार्च का प्रदेश व्यापी बंद शनिश्चरी अमावस्या के कारण शहर में स्थगित किया था। कांग्रेस अपने एजेंडे को बुधवार को पूरा करेगी।इधर भाजपा ने ओला पीडि़त किसानों के लिए राहत की घोषणा नहीं होने पर केंद्र सरकार के विरोध में गुरुवार को आधे दिन प्रदेश बंद का ऐलान किया है। दोनों दलों ने बंद से अस्पताल, दवाई, दूध, सब्जी और परीक्षाओं को मुक्तरखा है। पुलिस व प्रशासन ने भी बंद को देखते हुए मजिस्ट्रेट व पुलिस अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई है।

कांग्रेस ने व्यापमं घोटाले के विरोध में 5 मार्च को बंद का फैसला लिया गया था। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा के अनुसार बंद का असर केवल शहर में रहेगा। सभी व्यापारी संगठनों के साथ बातचीत कर ली है। व्यापारियों ने बंद को समर्थन का वादा किया है। कांग्रेस नेता जत्थे के रूप में शहर में निकलेंगे तथा व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने का आग्रह करेंगे। मीणा के अनुसार बंद से अस्पताल, दवाई, सब्जी और परीक्षाओं को मुक्त रखा गया है। आवागमन के साधन बंद रहेंगे।

भाजपा का कल आधा दिन बंद  

भाजपा ने ओला पीडि़त किसानों को राहत पैकेज नहीं देने पर 6 मार्च को आधा दिन का बंद और धरने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के आह्वान पर समूची भाजपा मंगलवार से ही इस आंदोलन की तैयारी में जुट गई है। ग्रामीण और नगरीय इकाई की बैठकों में आंदोलन की रणनीति तय की गई।

जिलाध्यक्ष श्याम बंसल के अनुसार 6 मार्च को तहसील मुख्यालय एवं नगर पंचायत मुख्यालयों पर बंद रहेगा। ग्रामीण मंडलों के 27 बड़े गांवों में 2 घंटे धरना आंदोलन किया जाएगा। बंसल ने कहा कि केंद्र से 5 हजार करोड़ रु. की सहायता मांगी है। यदि बुधवार तक केंद्र ने राशि मंजूर नहीं की तो 6 मार्च को भाजपा बंद और धरना आंदोलन करेगी। बंसल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि यदि केंद्र सरकार राहत नहीं देती है तो भाजपा प्रदेश की जनता के बीच जाकर किसानों के लिए आर्थिक मदद जुटाने से भी नहीं चुकेगी। नगर अध्यक्ष इकबालसिंह गांधी ने बताया केंद्र सरकार के पक्षपात का भाजपा सड़क पर आकर विरोध करेगी। नगर में आधे दिन के बंद के दौरान स्कूल परीक्षाओं और अस्पताल, दवाई दुकानें, दूध-सब्जी विक्रय को मुक्त रखा है।

आपात स्थिति में यहां करें संपर्क

जिला अस्पताल – 0734-4010175 कंट्रोल रूम – – 0734-2527143, 100

फायर ब्रिगेड- 101, 2535243 ननि कंट्रोल रूम — 0734- 2535244