Uncategorized

आतंकी हमलों से दहला फ्रांस, 158 लोग मारे गए, IS ने ली जिम्मेदारी

पेरिस। फ्रांस की राजधानी पेरिस शुक्रवार रात को आतंकी हमलों से दहल उठा। शहर में एक के बाद सात जगहों पर आतंकियों ने दहशत फैलाई। बम धमाकों और फायरिंग में 158 लोगों के मारे जाने की खबर है। आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पहला हमला स्थानीय समयानुसार रात के नौ बजे हुआ। फ्रांस में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है जबकि पूरे यूरोप में अलर्ट है

पेरिस पुलिस ने बताया कि पहला धमाका एक रेस्टोरेंट और थियेटर में हुआ, इसके बाद दूसरा धमाका पेरिस के नेशनल फुटबाल स्टेडियम के पास भी हुआ है जहां फ्रांस और जर्मनी के बीच दोस्ताना फुटबॉल मैच चल रहा था। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद और गृह मंत्री भी मैच देख रहे थे। धमाकों के बाद मैच रोक दिया और देश की सीमाएं सील कर दी गई है। वहीं राष्ट्रपति ओलांद ने तुर्की में होने वाले जी-20 सम्मेलन की यात्रा रद्द कर दी।
फ्रांस पुलिस के अनुसार बंदूकधारियों ने 100 से अधिक लोगों को बाटाक्लैन कॉन्सर्ट हॉल में बंधक बनाया जहां बाद में उनकी हत्या कर दी गई। पूरे पेरिस शहर में 1500 जवान तैनात कर दिए गए हैं। वहीं जवाबी कार्रवाई में 5 संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया गया है। इनमें से तीन आतंकियों ने खुद को बम से उड़ा लिया। मरने वालों की संख्या बढऩे की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय मीडिया के अनुसार दूसरे वर्ल्ड वॉर के बाद यह सबसे बड़ा हमला है। फ्रांस से सटे देशों ने भी सुरक्षा चाकचौबंद कर दी है। इस हमले को 2008 में मुंबई में हुए हमले की तरह देखा जा रहा है।