उत्तर प्रदेश ताजा खबर

अमर सिंह हैं दगे हुए कारतूस, सपा में वापसी असंभव: आजम

कानपुर.- सपा सरकार में कद्दावर मंत्री आजम खां ने एक बार फिर से अमर सिंह पर निशाना साधा है। उन्होंने बीते सोमवार को कानपुर में कहा कि अमर सिंह नेता जी(मुलायम सिंह यादव) के दिल में जरूर होंगे, लेकिन दल के दिल में उनके जैसे नेता के लिए कोई जगह नहीं है। वे दल में वापसी का जतन और ख्वाब देख रहे हैं, लेकिन अमर सिंह अब दगे हुए कारतूस हैं। सपा में उनकी वापसी संभव नहीं है। यह बात उन्होंने एक निजी कार्यक्रम में कही। बताते चलें कि बीते दिनों सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने बयान दिया था कि अमर सिंह भले ही दल में न हो, लेकिन दिल में हमेशा रहेंगे।

मोदी सरकार कर रही है सौतेला व्यवहार
एनआरआई सिटी में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में हिस्सा लेने आए आजम खां ने कहा कि बिहार चुनाव में भाजपा करारी हार के चलते खुन्नस में है। यूपी और बिहार से केन्द्र सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। इसी के चलते कानपुर और लखनऊ समेत प्रदेश के किसी सिटी को स्मार्ट सिटी घोषित नहीं किया। सपा नेता ने कहा कि कानपुर और लखनऊ पहले से ही स्मार्ट शहर हैं। राज्य सरकार खुद ही इन दोनों शहरों को और स्मार्ट बनाने की कोशिश कर रही है।

गंगा के नाम पर लोगों को दिया गया धोखा
आरएसएस ऑफिस के बाहर महिलाओं पर पर लाठीचार्ज का एक वीडियो वायरल होने पर आजम खान ने कहा कि आरएसएस बंदूकों, गोलियों और तलवारों की करती है। लाठियों की तो कोई बात नहीं है। भाजपा ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है। गंगा के नाम पर लोगों को धोखा दिया है। गंगा पर एक धेला रकम नहीं दी है। गंगा के प्रति भाजपा संजीदा नहीं है। प्रदेश सरकार की भेजी सभी परियोजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। अब राज्य सरकार खुद की गंगा के लिए काम कर रही है। गंगा में गिर रहे नाले बंद होंगे। घाटों को सपा सरकार बनाएगी।

भाजपा साफ, 2017 सपा करेगी फतह
उन्होंने कहा कि चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा से इसका हिसाब लेगी। यूपी से भी भाजपा साफ हो जाएगी। समाजवादी पार्टी की सरकार ने जनता के साथ किए वादे पूरे किए हैं। कानपुर नगर को स्वच्छ और सुदंर बनाने के लिए कार्ययोजना जल्द ही अमल में आ जाएगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि नई वाटर लाइनें फट रही हैं। इसकी जांच होगी। एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट मांगी गई है। दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।