ताजा खबर बॉलीवुड

कुमार विश्वास को बिग बॉस से मिला पांच करोड़ ऑफर

लगता है राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से लोकसभा चुनाव लडऩे वाले आम आदमी पार्टी के नेता कुमार विश्वास सेलेब्रिटी बन गए हैं। एक फिल्म के लिए गीत लिखकर वो बॉलीवुड में पहले ही एंट्री की तैयारी कर चुके हैं और अब खबर है कि उन्हें रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के इस सीजन में हिस्सा लेने के लिए पांच करोड़ रुपए का ऑफर मिला है।

 एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, बिग बॉस बनाने वाली प्रोडक्शन कंपनी एंडेमॉल ने विश्वास को पांच करोड़ का ऑफर दिया है। खुद कुमार विश्वास ने भी इस खबर की पुष्टि की कि एंडेमॉल ने बिग बॉस-8 में भाग लेने के लिए उनसे संपर्क किया है, लेकिन उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से इंकार कर दिया।

उधर एंडमॉल इंडिया के एमडी और सीईओ दीपक धर ने ना तो इस खबर की पुष्टि की और ना ही इससे इंकार किया। उन्होंने अंग्रेजी अखबार से बातचीत में कहा, ‘अपनी नीतियों के मुताबिक, मैं बाजार के आकलन पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता।’