ताजा खबर दिल्ली

समुद्र से सहमे लोग गूगल से पूछ रहे, कहीं डूब तो नहीं जाएगा देश

नई दिल्ली। दक्षिणी प्रशांत महासागर में स्थित देशों के लोग जलवायु परिवर्तन से सबसे ज्यादा डरे हैं। इसमें भारतीय भी पीछे नहीं हैं। वह भी अलनीनो के प्रभाव से चिंतित हैं। दक्षिणी प्रशांत के देश फिजी, तुवालु, समोआ और वानुअतु के लोग समुद्र जलस्तर, पानी की कमी, जलवायु परिवर्तन से होने वाले प्रभाव जैसी जानकारी इंटरनेट पर खूब खोज रहे हैं। ये वही देश हैं जिन पर सूखे और समुद्र का जलस्तर बढ़ने से डूबने का सबसे ज्यादा डर है। इसका खुलासा गूगल ट्रेंड के विश्लेषण पर आधारित वेबसाइट मैशेब की हाल ही में जारी रिपोर्ट से हुआ है।

ऎसे तैयार की रिपोर्ट

12 महीने में गूगल पर सर्च की गई सामग्री के आधार पर यह अध्ययन किया गया, जिसमें यह जानने की कोशिश की गई कि दुनिया में किस देश के लोग जलवायु परिर्वतन को लेकर सबसे ज्यादा या सबसे कम दिलचस्पी ले रहे हैं।

भारत 119वें स्थान पर

जलवायु परिवर्तन संबंधी सामग्री गूगल पर सर्च करने में 210 देशों की सूची में भारत का 119वां स्थान है। पाकिस्तान 116, नेपाल 20 और श्रीलंका 102वें स्थान पर है।

सबसे कम रूस, सीरिया में सर्च

यमन, सीरिया, यूक्रेन, रूस व इराक के लोग प्रकृति के इस प्रकोप के बारे में कम दिलचस्पी रखते हैं, जबकि सीरिया में छिड़े गृहयुद्ध में कई साल से पड़ रहा सूखा बड़ा कारण था।

फिलीपींस पर खतरा

दुनिया के जिन शहरों में सबसे ज्यादा सर्च हो रहा है, उनमें फिलीपींस के भी दो शहर शामिल हैं। वर्तमान में यह देश प्रकृति आपदाओं के प्रकोप से जूझ रहा है। मनीला में कई बार तूफान आने और ज्वालामुखी विस्फोट की घटनाएं हुई हैं। इसलिए इस देश में जलवायु परिवर्तन पर बहस छिड़ गई है।

 

ताजा खबर

रतलाम। कांग्रेस नेत्री व नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी को गोली मारने के मामले के आरोपी वैभव बैरागी व चंदन शर्मा को पुलिस रिमांड अवधि खत्म होने पर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को भी 26 अगस्त तक के लिए न्यायिक अभिरक्षा में रखने के आदेश दिए। इसके बाद दोनों आरोपियों को वाहन से भेरूगढ़ (उज्जैन) जेल ले जाया गया। उल्लेखनीय है कि 27 सितंबर 2014 को नगर निगम परिसर में कांग्रेस नेत्री यास्मीन शेरानी पर उस समय फायर किया गया था, जब वह अपनी कार में बैठने जा रही थी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उन्हें जिला अस्पताल और वहां से इंदौर ले जाया गया था। काफी दिन तक उनका इंदौर के निजी अस्पताल में इलाज चला था। मामले में पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के अनुसार हाल ही में जांच के दौरान पता चला था कि शेरानी पर आरोपी वैभव बैरागी (27) निवासी श्रीमाली वास ने फायर किया था। इसके बाद वह अपने साथी चंदन शर्मा (25) निवासी कस्तूरबा नगर की बाइक पर बैठा कर उसके साथ भाग निकला था। वैभव ने पिस्टल आरोपी अनुराग लोखंडे को छिपाने के ले जाकर दी थी। अनुराग से पिस्टल तरुण सांकला (22) निवासी मालीकुआं ले गया था। आरोपियों के बारे में जानकारी मिलने के बाद चारों को बुधवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने अनुराग व तरुण को 26 अगस्त तक न्यायिक अभिरक्षा में रखने और वैभव व चंदन को 13 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। स्टेशन रोड थाना प्रभारी अजय सारवान ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान वैभव व चंदन से विभिन्ना बिंदुओं पर पूछताछ की गई। दोनों को रिमांड अवधि खत्म होने पर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।-निप्र सम्मान किया जाएगा प्रदेश अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा श्रीमती शेरानी पर गोली चलाने के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम व पुलिस अधिकारियों को सम्मान किया जाएगा। प्रकोष्ठ के पूर्व महासचिव अफजल हुसैन शाह ने बताया कि जल्द ही पुलिस अधिकारियों से समय लेकर सम्मान समारोह आयोजित करने की रूपरेखा तैयार करने का निर्णय लिया गया। समारोह में मामले का खुलासा करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में अय्यूब भाई, लियाकत भाई, साबिर भाई, जुनैद भाई, असलम भाई, फिरोज खान, हारुन शाह, अमान शाह, सोहोब खान, कमलेश, मनोज मालवीय, इरशाद खान, हलीम खान आदि उपस्थित थे। कांग्रेस ने पत्र सौंपा गुरुवार दोपहर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी ऑफिस पहुंचकर एसपी अविनाश शर्मा को पत्र सौंपा। पत्र में श्रीमती शेरानी पर हुए हमले के मामले का खुलासा करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया व शहर कांग्रेस की तरफ से एसपी व उनकी टीम की प्रशंसा कर उनका आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही मांग की गई है इस मामले की बारिकी से जांच की जाए। यदि इस मामले के पीछे कोई षड्यंत्रकारी है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनोद मिश्रा, कांग्रेस नेता जेम्स चाको, प्रभु राठौड़, मंसूर अली पटौदी, निमिष व्यास, विजयसिंह चौहान शामिल थे।