पालकी में चंद्रमौलेश्वर रूप के मुघौटे को विराजित किया जाएगा

महाकाल की दूसरी श्रावण सवारी आज, चंद्रमौलेश्वर रूप में देंगे दर्शन

उज्जैन. भगवान महाकाल की दूसरी श्रावण सवारी सोमवार शाम 4 बजे निकलेगी। इसमें चंद्रमौलेश्वर रूप में दर्शन होंगे। पालकी में चंद्रमौलेश्वर रूप के मुघौटे को विराजित किया जाएगा। हाथी पर मनमहेश स्वरूप के मुघौटे को विराजित किया जाएगा।

महाकाल मंदिर के नवनिर्मित सभामंडप में चंद्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन होगा। इसके बाद सवारी नगर भ्रमण पर निकलेंगे। जैसे ही पालकी मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंचेगी, सशस्त्र पुलिस बल महाकाल को सलामी देगा। सवारी परंपरागत मार्ग से होते हुए शिप्रा तट रामघाट पहुंचेगी। यहां भगवान श्री महाकाल का शिप्रा जल से अभिषेक एवं पूजन किया जाएगा। पूजन-अर्चन के बाद सवारी फिर महाकाल मंदिर पहुंचेगी। सवारी का लाइव प्रसारण महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की वेबसाइट www.mahakaleshwar.nic.inपर देखा जा सकता है।