लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की 12 सीटों के लिए कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। छिंदवाड़ा से सीएम कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ को मैदान में उतारा गया है।

विवेक तन्खा, अरुण यादव और अजय सिंह को भी टिकट
 मध्य प्रदेश
कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश की 12 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ को उन्हीं की परंपरागत सीट छिंदवाड़ा से टिकट दिया गया है। इसके अलावा मध्य प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को खंडवा से और वरिष्ठ नेता विवेक तन्खा को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के खिलाफ जबलपुर से टिकट दिया गया है।

इन तीनों नेताओं के अलावा सीधी से अजय सिंह राहुल को, दमोह से प्रताप सिंह लोधी, सतना से राजा राम त्रिपाठी, सागर से प्रभांशु सिंह ठाकुर, रीवा से सिद्धार्थ तिवारी, मांडला से कमल मारावी, देवास से प्रह्लाद टिपनिया, उज्जैन से बाबूलाल मालवीय, खरगौन से डॉ. गोविंद मुजालदा और खंडवा से अरुण यादव को मैदान में उतारा गया है।

आपको बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने मध्य प्रदेश की 29 सीटों में से नौ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था। अब 12 और नामों के साथ यह संख्या 21 पहुंच चुकी है। गौरतलब है कि 2014 में कांग्रेस को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी। इस बार वापसी की कोशिश कर रही कांग्रेस अपने दिग्गज नेताओं के साथ मैदान में उतर रही है। इसी क्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी भोपाल सीट से चुनाव मैदान में उतरे हैं।

गौरतलब है कि 15 साल बीजेपी के शासन के बाद प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी है और कांग्रेस पूरा दम लगा रही है कि वह लोकसभा चुनाव में भी मध्य प्रदेश में जीत हासिल कर सके। विवेक तन्खा 2014 में भी जबलपुर सीट से ही चुनाव लड़े थे लेकिन दो लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से राकेश सिंह से चुनाव हार गए थे।

View image on Twitter