बल्लभगढ़। हरियाणा के बल्लभगढ़ के अटाली गांव में दो समुदायों के बीच माहौल एक बार फिर से गर्मा गया। बुधवार को दोनों समुदायों के बीच तीन अलग-अलग जगहों पर पथराव हुआ और इसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि पथराव का कारण पता नहीं चल पाया है जबकि एक समुदाय का कहना है कि नमाज के दौरान उन पर पत्थर फेंके गए जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि भजन कर रही महिलाओं पर पहले पत्थर फेंके गए।

पुलिस ने बताया कि लगभग एक घंटे तक दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया गया। दोनों पक्षों के लोग छतों पर चढ़ गए और एक-दूसरे पर पत्थर, बोतलें और ईटें फेंकने लगे। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पहले पत्थर फेंकने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस गांव में ही मौजूद थी जिसके चलते हालात पर जल्द ही काबू पा लिया गया। गौरतलब है कि 26 मई को कथित रूप से 2000 हथियारबंद लोगों ने मस्जिद में आग लगा दी थी। इसके साथ ही कई घरों और दुकानों को भी आग के हवाले कर दिया था।

इसमें 15 लोग घायल हो गए थे जिसके बाद लगभग 150 लोगों ने बल्लभगढ़ पुलिस थाने में आश्रय लिया। हालांकि पुलिस दावा कर रही कि उस घटना के बाद गांव में शांति है लेकिन गांव वाले इससे इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि माहौल काफी तनावपूर्ण है। एक समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि नमाज पढ़ने के जाने के दौरान दोपहर और शाम को भी उन पर पत्थर फेंके गए।