पहले चरण की आठ सीटों पर कल मतदान, 1.50 करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

पहले चरण की आठ सीटों पर कल मतदान, 1.50 करोड़ मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर गुरुवार को 1.50 करोड़ मतदाता अपने प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 6716 पोलिंग सेंटर व 16518 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के पहले चरण की आठ सीटों सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर के लिए 11 अप्रैल (गुरुवार) को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा। इसके साथ ही पश्चिम उत्तर प्रदेश की इन सीटों पर 96 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हो जाएगा। इन आठ लोकसभा सीटों पर 1.50 करोड़ मतदाता अपने प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसके लिए 6716 पोलिंग सेंटर व 16518 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

पहले चरण का चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम छह थम गया। बुधवार 10 अप्रैल को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना हो गईं। चुनाव आयोग ने भी मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहले चरण की आठ लोकसभा सीटों में कैराना, बिजनौर, बागपत व गौतमबुद्ध नगर में सबसे अधिक 13-13 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे कम 10 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर में हैं। सहारनपुर व मेरठ में 11-11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। गाजियाबाद में 12 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

मतदान से पहले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। कहीं भी गड़बड़ी करने वालों अथवा शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। अपराधियों की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। खुफिया तंत्र को भी पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है।

मतदान के लिए 10 जिलों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गए हैं। पहले चरण में 130 जोन व 1308 सेक्टर बनाये गए हैं, जिनमें एक लाख पांच हजार पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी पर होंगे। 157 कंपनी अर्द्धसैनिक बल के अलावा 35 कंपनी पीएसी, 5329 उपनिरीक्षक, 5110 मुख्य आरक्षी, 29670 सिपाही, 39088 होमगार्ड, 951 पीआरडी जवान व 5408 ग्राम प्रहरी सुरक्षा-व्यवस्था में मुस्तैद रहेंगे।

सहारनपुर में 2760 बूथों के लिए 11,040 कर्मचारी लगाए गए हैं, जबकि 285 पोलिग पार्टियां व इसके 1140 कर्मचारी रिर्जव में रहेंगे। कैराना लोकसभा क्षेत्र में 16 लाख 61 हजार 963 मतदाता है, जिनमें आठ लाख 95 हजार 685 पुरुष मतदाता, सात लाख 66 हजार 185 महिला मतदाता, पांच हजार 683 दिव्यांग मतदाता शामिल है। यहां कुल चार हजार 400 मतदान कार्मिक चुनाव प्रक्रिया में शामिल रहेंगे।