पटना। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और देश के नौ राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी न्योता भेजा गया था। उनके प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू व राजीव प्रताप रुडी शपथ समारोह में मौजूद रहेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा ने भी आने की सहमति दी है।

अधिकारिक तौर पर बताया गया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, असम के सीएम तरुण गोगोई, सिक्किम के पवन चामलिंग, मणिपुर के ओबिबू सिंह, हिमाचल प्रदेश के सीएम वीरभद्र सिंह, अरुणालच प्रदेश के नवम टुकी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे।

इनके अतिरिक्त पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार, गुलाम नबी आजाद, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुडा, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, झारखंड के पूर्व सीएम बाबू लाल मरांडी, हेमंत सोरेन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, वामपंथी नेता सीताराम येचुरी, डी. राजा, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह, इनेलो नेता अभय चौटाला, पूर्व केंद्रीय मंत्री मल्लिाकार्जुन खड़गे, प्रफुल्ल पटेल, डीएमके नेता के स्टालिन, महाराष्ट्र सरकार के मंत्री रामदास कदम, सुभाष देसाई, प्रसिद्ध अधिवक्ता रामजेठमलानी और पूर्व सांसद एचके दुआ भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।

दुल्हन की तरह सजा गांधी मैदान

पांचवीं बार मुख्यमंत्री का पद संभालने जा रहे नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में भव्य व ऐतिहासिक होगा। इसके लिए पटना के गांधी मैदान को किसी नई-नवेली दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। समारोह के लिए दो भव्य मंचों का निर्माण किया गया है। कार्यक्रम का साक्षी बनने वाले करीब डेढ़ से दो लाख लोगों के लिए हर तरह की सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।