देश की पहली मोनोरेल का शनिवार को उद्घाटन होगा। अगले दिन से आम जनता के लिए इसे खोल दिया जाएगा। यह वडाला से चेंबूर तक जाएगी। मोनोरेल में लोकल ट्रेनों की तरह मासिक पास जैसी कोई सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, लेकिन दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर स्मार्ट कार्ड व्यवस्था रहेगी। मोनोरेल लोकल ट्रेनों सहित परिवहन के अन्य साधनों से भी जुड़ी रहेगी।साथ ही फीडर बस सेवा भी जल्द शुरू हो जाएगी।

सोनिया-मनमोहन से समय नहीं मिला, चव्हाण करेंगे उद्घाटन

महाराष्ट्र सरकार की इच्छा थी कि लोकार्पण कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह करें। लेकिन उद्घाटन के लिए तारीख नहीं मिल पाई। अब 1 फरवरी को मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण उद्घाटन करेंगे।

बढ़ाया जाएगा रूट

वडाला-चेंबूर रूट को बढ़ाया जा रहा है। इसे जैकब सर्किल को जोड़ा जाएगा। तब दूरी बढ़कर 20.21 किमी हो जाएगी।