सूरत।रविवार को मुख्यमंत्री आनंदी पटेल की लिंबायत में सभा के बाद भाजपा ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा की पांडेसरा में सभा कराई। सभा का मुख्य केंद्रबिंदु पाटीदार आंदोलन से उपजे हालात पर मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट करना था। नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किए और कहा कि कांगे्रस देशहित मामलों में भी सरकार के साथ नहीं है। जनता इसे बखूबी समझ रही है और चुनाव में करारा जवाब देगी।बिहार, यूपी, महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश जैसे राज्यों के प्रवासी बाहुल्य क्षेत्र पांडेसरा में भाजपा ने चार वार्ड के कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी सभा की। आयोजन में लखनऊ के महापौर और पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि मनपा का चुनाव राष्ट्र को संदेश देता बन रहा है। कांग्रेस के लोग षडयंत्र कर रहे हैं। गुजरात के लोगों में जाति और समाज के नाम पर भ्रम पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज में इस तरह के हालात पैदा करने वाले बाबर और तालिबानी सोच की मानसिकता वाले लोग हैं। बाबर और राणा सांगा की कहानी सुनाते हुए उन्होंने कहा कि बाबर ने राणा सांगा की सेना में खान-पान में भेदभाव को भांपकर उनकी कमजोरी पकड़ ली थी, फिर लोगों में फूट डाली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोगों के षडयंत्र को सफल नहीं होने देना है। उन्होंने सूरत मनपा के चुनाव में लोगों से पार्षदों का शतक लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास के कार्य से सूरत को मुंबई का विकल्प नहीं, बल्कि देश के सर्वश्रेष्ठ शहर में तब्दील करने की कोशिश होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि भारत को संयुक्त राष्ट्र संघ में स्थाई सदस्यता के लिए चीन, अमेरिका और पाकिस्तान जैसे देशों को आपत्ति हो सकती है, लेकिन कांग्रेस भी इसी जमात में शामिल होने जैसी हरकत कर रही है।

प्रदेश महामंत्री भरत सिंह परमार ने कहा कि देश में 18 महीने के दौरान परिवर्तन देखने को मिल रहा है। विश्व में हिंदुस्तान की प्रतिष्ठा बढ़ी है। सांसद सी.आर. पाटिल ने कहा कि बमरोली क्षेत्र में कांग्रेस के दो नेता धनसुख राजपूत और बाबू रायका राजनीतिक रिटायरमेंट की ओर हैं तथा अपना अंतिम चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह ऐसा करें, जिससे कांग्रेस को इस क्षेत्र में उम्मीदवार नहीं मिलें।शहर प्रमुख और सूरत पश्चिम के विधायक पूर्णेश मोदी ने कहा कि कांग्रेस के राज में विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 के चुनाव में भाजपा ने जो वादे किए थे, पांच साल में उससे ज्यादा करके दिया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नरोत्तम पटेल, हाउसिंग बोर्ड चेयरमैन विवेक पटेल, महापौर निरंजन झांझमेरा, विधायक हर्ष संघवी, महामंत्री अजय चौधरी, छोटू पाटिल, किशोर बिंदल, मदन सिंह आटोदरिया समेत अन्य लोग मौजूद थे।