अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगामी 17 सितंबर को 65वां जन्मदिन गुजरात भाजपा राज्य में धूमधाम से मनाने की तैयारियां कर रही है। मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल स्वच्छता व शौचालय अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सरपंचों का सम्मान करेंगी।

गांधीनगर महात्मा मंदिर में मुख्य समारोह आयोजित होगा जिसमें प्रदेश के सभी भाजपा सांसद, विधायक, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष व जिला प्रमुख सहित सरपंच शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश भाजपा गुजरात के हर शहर व गांवों में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम रूपाला, प्रदेश भाजपा प्रभारी दिनेश शर्मा, अध्याक्ष आरसी फलदू, संगठन महासचिव भिखू दलसाणिया सहित प्रमुख नेता शामिल होंगे। समारोह में स्वच्छता अभियान में सराहनीय कार्य करने वाले तथा शौचालय अभियान को शतप्रतिशत पूर्ण करने वाले सरपंचों का सम्मान होगा।