2016 में इंग्लैंड के खिलाफ भारत में पांच टेस्ट की सीरीज में कोहली ने दो शतक, दो अर्धशतक लगाए थे

After the 2014 failure in England Kohli Scored at double speed

 

 

खेल डेस्क.  भारत-इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को बर्मिंघम में होगा। दोनों देशों के बीच इस फॉर्मेट में पिछली सीरीज 2014 में हुई थी। इसमें विराट कोहली कुल 134 रन बना सके थे। विदेशी धरती पर यह उनका सबसे खराब प्रदर्शन था। सीरीज खत्म होने तक उन्होंने टेस्ट करियर में 29 मैच में छह शतक की मदद से 1,855 रन बनाए थे। औसत 38.64 का था। हालांकि, इसके बाद उन्होंने 37 टेस्ट खेले और 63.77 की औसत से 3,699 रन बनाए। इस दौरान 15 शतक भी लगाए। इनमें छह दोहरे शतक शामिल हैं।

 

 

कोहली का टेस्ट में अब तक का प्रदर्शन

मैच रन औसत शतक उच्चतम स्कोर
66 5,554 53.40 21 243
5 (इंग्लैंड में) 134 13.40 0 39

एंडरसन ने कोहली को 4 बार आउट किया : 2014 की सीरीज में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने कोहली को 10 पारियों में सबसे ज्यादा चार बार आउट किया। स्टुअर्ट ब्रॉड और क्रिस जॉर्डन ने 2-2 बार, लियम प्लंकेट और मोईन अली ने 1-1 बार आउट किया। कोहली छह बार दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। पांच मैचों में से सिर्फ एक में उन्होंने दोनों पारी में दहाई का आंकड़ा छुआ। साउथम्पटन में खेले गए तीसरे टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 39 और दूसरी पारी में 28 रन बनाए।

मुरली विजय ने सबसे ज्यादा रन बनाए थे : पिछली बार इंग्लैंड दौरे पर गई भारतीय टीम को सीरीज में 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। मुरली विजय ने सबसे ज्यादा 402 रन और अजिंक्य रहाणे ने 299 रन बनाए थे। इस बार टीम में आठ खिलाड़ी ऐसे हैं जो पहली बार इंग्लैंड के मैदानों पर टेस्ट खेलेंगे। इनमें लोकेश राहुल, हार्दिक पंड्या, कुलदीप यादव, उमेश यादव, शार्दुल ठाकुर, करुण नायर, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह शामिल हैं। इस बार की टीम में शामिल दिनेश कार्तिक 2007 के इंग्लैंड दौरे पर गए थे। तब उन्होंने तीन मैचों में 263 रन बनाए थे।

 

भारतीय टीम में शामिल बल्लेबाजों का इंग्लैंड में प्रदर्शन 

खिलाड़ी मैच रन औसत
मुरली विजय 5 402 40.20
अजिंक्य रहाणे 5 299 33.22
दिनेश कार्तिक 3 263 43.83
चेतेश्वर पुजारा 5 222 22.20
विराट कोहली 5 134 13.40
शिखर धवन 3 122 20.33