शाह ने कहा कि कांग्रेस ने कार्पोरेट घराने के प्रिय पात्र को अध्यक्ष बनाया है, हमारी सरकार किसानों की है।

अमित शाह का फाॅर्मूला: मप्र में इस बार चेहरे नहीं, संगठन के दम पर चुनाव लड़ेंगे

भोपाल.तीन विधानसभा चुनावों से शिवराज सिंह चौहान के चेहरे पर मप्र में चुनाव लड़ रही भाजपा आगामी चुनाव में संगठन के बलबूते मैदान में उतरेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने शुक्रवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में नए फॉर्मूले के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव कुशाभाऊ ठाकरे-राजमाता सिंधिया को समर्पित होगा। इसे संगठन के दम पर लड़ा जाएगा। शाह ने कहा कि मप्र में भाजपा अंगद के पैर की तरह है। दूरबीन से देखने पर भी कांग्रेस नहीं दिखाई देती। कांग्रेस के जो लोग राजा-महाराजा के साथ मैदान में उतर रहे हैं, उनसे डरने की जरूरत नहीं, भाजपा में बूथ का कार्यकर्ता ही उन्हें हरा देगा। इस बार जिन दो क्षेत्र (कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया) में हारते थे, उसकी सभी विधानसभा सीटें जीतना है। गौरतलब है कि अभी तक तमाम नेता यही दोहरा रहे थे कि 2018 का चुनाव शिवराज सिंह चौहान के ही नेतृत्व में लड़ा जाएगा।

बताया जीत का मंत्र

शाह ने इस दौरान कहा कि मप्र में 65 लाख कार्यकर्ताओं का डाटा है। ये 5 दिन भी जनता तक पहुंच जाए तो कोई नहीं हरा सकता। जीत का मार्जिन इतना हो कि दुश्मन को चक्कर आ जाए।
अन्य मुद्दों पर भी बोले शाह
एंटी इनकंबेंसी : भाजपा की सरकारों में एंटी इनकंबेंसी नहीं होती। हम सत्ता के लिए नहीं, सेवा के लिए आते हैं। 2013 और 2018 में भी लोगों ने बोला था। 2023 में भी यही बोलेंगे कि एंटी इनकंबेंसी है। इससे कुछ नहीं होगा।
कर्नाटक:2014 से लेकर 2018 तक देखें, भाजपा लगातार राज्यों में सरकार बनाती जा रही है। कर्नाटक के परिणाम 15 मई को आएंगे, पटाखे तैयार रखना।

शिवराज बोले- इस बार जीते तो 50 साल तक कांग्रेस बाहर रहेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार यदि चुनाव जीत गए तो आने वाले 50 सालों तक कांग्रेस का कोई नाम लेवा नहीं रहेगा। इसलिए लाशों पर राजनीति करने वाली कांग्रेस के भ्रम में न आएं। वो गोलियां चलवा सकते हैं। लड़वा सकते हैं। लिहाजा सावधान रहो। 2013 से ज्यादा सीटें जीतकर पिछला रिकॉर्ड तोड़ना है। लोकसभा में 29 सीटें जीतना है।

शिवराज ने कहा कि कांग्रेस में तो सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए घराने के लोग हैं। भाजपा कार्यकर्ता शेर हैं। वो क्या चुनाव लड़ेंगे। मैंने कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण जल्दी जाने की बात कही और कहा कि सामने छोटी कुर्सी है। मेरे जाने के बाद उसमें कोई भी बैठ सकता है तो उसी पर कांग्रेसी खुश हो गए। दरअसल, उन्हें नींद में सपने आते हैं कि शिवराज को हटा दो।

उन्होंने कहा कि 5000 अवैध कॉलोनियों को वैध करने जा रहे हैं। आगामी 8 मई को ऐसी कॉलोनियों में जाएं। सूची पढ़ी जाएगी। सभी हितग्राहियों से मिलें।